हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर दिल्ली में सियासी संग्राम, RSS मुख्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस ने जलाई मनुस्मृति

हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर दिल्ली में बवाल

उदय भानु चिब के नेतृत्व में प्रदर्शन, बोले- देश संघ के विधान से नहीं, बाबा साहेब के संविधान से चलेगा; पुलिस ने किया हिरासत में

पत्रकार सत्ता ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ किए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दिल्ली पहुंच गया है। रविवार को इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ताओं ने झंडेवालान स्थित RSS मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और मनुस्मृति की प्रतियों के पन्ने जलाकर विरोध जताया।

प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में संविधान की प्रतियां और ‘मनुस्मृति को नकारो’ जैसे संदेश वाले पोस्टर थे। कार्यकर्ताओं ने ‘मनुस्मृति नहीं, संविधान चाहिए’ जैसे नारे भी लगाए।

RSS मुख्यालय के बाहर यूथ कांग्रेस प्रदर्शन

हल्द्वानी विवाद के जवाब में RSS मुख्यालय तक पहुंचा विरोध

यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खरगे की सभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किया गया, जिसे पार्टी ने दलित समाज और संविधान का अपमान बताया है। इसी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने RSS मुख्यालय के बाहर प्रतीकात्मक रूप से मनुस्मृति जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

IYC के मुताबिक, यह प्रदर्शन उस कथित घटना के जवाब में किया गया जिसमें खरगे की सभा के बाद हवन और ‘शुद्धिकरण’ की बात सामने आई थी। हालांकि इस घटना को लेकर भाजपा की ओर से अलग पक्ष सामने आया है और भाजपा ने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है।

यह भी जानें- नशे में एसआई ने युवक को पीटा, कार तोड़ी और ₹15 हजार छीनकर फेंके? वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू

उदय भानु चिब हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को हिरासत में लेकर पहाड़गंज पुलिस स्टेशन ले जाया। रिपोर्टों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया।

चिब ने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS की विचारधारा भेदभावपूर्ण और दलित विरोधी है। उन्होंने कहा कि देश को संविधान के आधार पर चलना चाहिए, न कि मनुस्मृति के आधार पर।

इसे भी देखें- बर्लिंगटन कंपाउंड में सड़क के ऊपर निर्माण की खुली फाइल, एलडीए ने एफआई बिल्डर सिराज इकबाल को भेजा नोटिस

बेंगलुरु में भी प्रदर्शन

यूथ कांग्रेस ने दिल्ली के अलावा बेंगलुरु में भाजपा कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया। वहां भी हल्द्वानी के कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर विरोध जताया गया और पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।

विवाद ने पकड़ा राजनीतिक रंग

हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राहुल गांधी ने कथित शुद्धिकरण को लेकर भाजपा और RSS पर निशाना साधते हुए इसे छुआछूत से जोड़ा और FIR की मांग की है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर मामले को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने और राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।

इसे भी पढ़ें-भाजपा ओबीसी मोर्चा पदाधिकारी की चाकुओं से गोदकर हत्या, बरेली में सनसनी

अब यूथ कांग्रेस के RSS मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन और मनुस्मृति जलाने की घटना ने इस विवाद को और तीखा कर दिया है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद और राजनीतिक मंचों पर भी और गरमाने के आसार हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट, नई दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *