अलीगंज में मची अफरा-तफरी, चार लोगों की मौत की खबर; मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता
लखनऊ/नई दिल्ली, (पत्रकार सत्ता ब्यूरो )। पत्रकार सत्ता ब्यूरो। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग-कम-गेमिंग सेंटर में सोमवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने के कारण इमारत में मौजूद कई छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से नीचे कूद गए। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि चार लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। राहत एवं बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही भवन धुएं से भर गया, जिससे अंदर मौजूद छात्र-छात्राओं में भगदड़ मच गई। कई लोगों को स्थानीय नागरिकों, पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी से मिले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय, विकास और केंद्र-राज्य समन्वय पर हुई चर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक स्तर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि लखनऊ में आग की घटना में लोगों की मृत्यु से वे व्यथित हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है और संबंधित अधिकारी प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
यह भी देखें- सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- ‘कांग्रेस, सपा और बसपा अंधेरे में रहने के आदी थे’
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को ₹2 लाख तथा प्रत्येक घायल को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पिछले वर्ष लखनऊ में फायर सेफ्टी ऑडिट के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमियां पाई गई थीं। विशेषज्ञों का मानना है कि भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक भवनों में फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।




