लखनऊ। राजधानी के इन्दिरानगर हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से गूंज उठा। राजधानी लखनऊ में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम देखने को मिला। सेक्टर-25, इंदिरा नगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन, भारत विकास परिषद एवं हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय पार्षद भगवानाथ शुक्ला ने भगवान श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोषों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

सुबह से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम निरंतर चलता रहा। भंडारे में सभी वर्गों, आयु समूहों एवं समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना का भी प्रेरणादायी संदेश दिया।
इस अवसर पर पार्षद भगवानाथ शुक्ला ने कहा कि “बड़ा मंगल लखनऊ की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। यह उत्सव हमें सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को और मजबूत बनाते हैं।”
इसे भी पढ़ें- लखनऊ जंक्शन पर स्थापित हुई ‘गीता संवाद’ की प्रतिमा, यात्रियों को दे रही सकारात्मक ऊर्जा का संदेश
कार्यक्रम में डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अशोक कुमार सिंह, श्रीमती सुनीता जिंदल, श्रीमती सरिता शर्मा, हर्ष वर्धन अग्रवाल, डॉ. रूपल अग्रवाल, जगदीश प्रसाद गुप्ता, महेश जायसवाल, श्रीमती स्मिता सिंह, ए. के. त्रिपाठी, श्याम बिहारी, नटवर लाल खरे एवं श्री के. पी. शर्मा सहित इंदिरा नगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, भारत विकास परिषद, हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसे भी देखें-
आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्रवासियों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भंडारे की प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता, जनसेवा और धार्मिक आस्था का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
— पत्रकार सत्ता ब्यूरो




