4 जुलाई को बीकेटी तहसील में किसान पंचायत और धरने का ऐलान

4 जुलाई को बीकेटी तहसील में किसान पंचायत और धरने का ऐलान

लखनऊ, (पत्रकार सत्ता)। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति ने आगामी 4 जुलाई 2026 को लखनऊ के बक्शी का तालाब (बीकेटी) तहसील परिसर में किसान पंचायत एवं शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करने का ऐलान किया है। इस संबंध में संगठन ने जिला प्रशासन को पूर्व सूचना पत्र भेज दिया है।

यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. कमलेश यादव ने बताया कि किसानों, मजदूरों एवं आम जनमानस की समस्याओं को लेकर पूर्व में बीकेटी तहसील परिसर में पांच दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया था। उनका कहना है कि उस दौरान उठाई गई मांगों पर संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।

देखें यह वीडियो-

चौ. कमलेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके बाद संगठन की ओर से किसान पंचायत आयोजित की गई थी। उनका आरोप है कि किसान पंचायत के दौरान तहसील प्रशासन द्वारा किसानों एवं संगठन के पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा उन्हें तहसील परिसर से बाहर कर दिया गया, जिसके बाद किसानों को सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करना पड़ा।

इसे भी पढ़ें- वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंप, 32 की मौत; जापान में भी 6.9 तीव्रता का झटका

उन्होंने बताया कि बाद में तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए एसीपी बीकेटी के हस्तक्षेप से किसानों को शांत कराया गया और जिला प्रशासन की ओर से किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। इसके उपरांत संगठन ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा था।

यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कहना है कि अब तक मांगों पर कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही किसानों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समस्याओं के समाधान के लिए कोई बैठक भी आयोजित नहीं की गई, जिससे किसानों और संगठन के पदाधिकारियों में असंतोष व्याप्त है।

चौ. कमलेश यादव ने बताया कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 4 जुलाई 2026 को बीकेटी तहसील परिसर में हजारों किसान, मजदूर एवं संगठन के कार्यकर्ता एकत्र होकर किसान पंचायत, शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं जन आंदोलन करेंगे।

यह भी जाने- महराजगंज में हाईटेंशन लाइन पर चढ़ा युवक, वीडियो वायरल

उन्होंने जिला प्रशासन से कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की है। संगठन का कहना है कि उसका प्रस्तावित कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक संगठन द्वारा लगाए गए आरोपों एवं प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई थी। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *